जिला सूचना विभाग महराजगंज पर भेदभाव के आरोप, सोसल मीडिया पर पत्रकारों का फूटा गुस्सा,मनपसंद पत्रकारों को ही ग्रुप और पास की सुविधा!
महराजगंज: जिले के सूचना विभाग पर एक बार फिर से पक्षपात और मनमानी के आरोप लग रहे हैं। पत्रकार आनंद कुमार गुप्ता ने जिला सूचना अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग सिर्फ अपने चहेते और मनमाफिक खबरें छापने वाले पत्रकारों को ही सूचना विभाग के वॉट्सएप ग्रुप में शामिल करता है, जबकि जनहित की खबरें प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों को जानबूझकर इससे दूर रखा जा रहा है।
पत्रकार आनंद कुमार गुप्ता का कहना है कि वे पिछले एक साल से एक प्रतिष्ठित टीवी चैनल से अधिकृत हैं और उसका अथॉरिटी लेटर भी कई महीनों पहले जिला सूचना कार्यालय में जमा कर चुके हैं।
इसके बावजूद उन्हें वॉट्सएप ग्रुप में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बार कार्यालय के चक्कर काटे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
आनंद कुमार का कहना है कि जब किसी बड़े नेता या मंत्री का दौरा होता है, तो पास भी उन्हीं पत्रकारों को दिया जाता है जो विभाग के इशारों पर खबरें प्रकाशित करते हैं। सवाल उठता है कि यदि एक अधिकृत पत्रकार के साथ इस प्रकार का भेदभाव होता है, तो आम खबरों के साथ क्या न्याय होता होगा?
सूचना विभाग का यह रवैया न केवल प्रेस की स्वतंत्रता पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि पत्रकारिता के लोकतांत्रिक मूल्यों को भी चोट पहुंचाता है।
वहीं जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में बनी जिला स्तरीय स्थायी समिति की सूची को लेकर कई वरिष्ठ पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर खुलकर नाराजगी जाहिर की है।
पत्रकारों का आरोप है कि सूचना अधिकारी द्वारा मनमाने तरीके से सूची तैयार की गई, जिसमें कई वरिष्ठ पत्रकारों को दरकिनार कर दिया गया।
इसको लेकर सोशल मीडिया पर कड़ा विरोध देखने को मिला जो पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। सूत्रों की मानें तो प्रभाकर मणि त्रिपाठी का ट्रांसफर पहले ही देवरिया हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वे जिले में ही जमे हुए हैं। पत्रकारों का कहना है कि सूचना अधिकारी का रवैया मनमाना और पक्षपातपूर्ण है, जिससे पत्रकार प्रशासनिक बैठकों में उपेक्षित महसूस करते हैं। लगातार विवादों से घिरे रहने के कारण जिले की पत्रकारिता जगत में आक्रोश और बढ़ गया है।
जिला प्रशासन को चाहिए कि वह इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सभी अधिकृत पत्रकारों को समान अवसर प्रदान करे, ताकि सूचनाओं का निष्पक्ष आदान-प्रदान सुनिश्चित हो सके।
विशेष संवाददाता आनंद कुमार गुप्ता
महराजगंज
Comments
Post a Comment