भारतीय सीमा में 144 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद, तस्कर फरार — आबकारी टीम और SSB की संयुक्त कार्रवाई
झूलनीपुर क्षेत्र में 23 नवंबर 2025 की रात्रि में गश्त के दौरान आबकारी विभाग की टीम और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। गश्ती दल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाइन टोला बहुआर गाँव की ओर से एक व्यक्ति अवैध नेपाली देशी शराब लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहा है। सूचना के आधार पर दल तुरंत मौके पर पहुँचा। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय पिलर संख्या 500 से लगभग 300 मीटर पूर्व दिशा में, भारत की सीमा के भीतर लगभग 20 मीटर अंदर केले की बागान में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। गश्ती दल को आते देख वह व्यक्ति भागकर नेपाल की ओर निकल गया। व्यक्ति के भागने वाले स्थान की तलाशी लेने पर कई बोरियाँ बरामद हुईं। इन बोरियों में विभिन्न ब्रांड की कुल 480 शीशी नेपाली अवैध देशी शराब, कुल 144 लीटर मात्रा में पाई गई। मौके पर ही शराब को संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत जब्त कर लिया गया। इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 153/25 के तहत एक अज्ञात तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और आबकारी टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।