नगर पालिका सिसवा बाजार बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों पर लगी मुहर, 19 करोड़ से अधिक की योजनाएं मंजूर
सिसवा बाजार (महराजगंज)।
नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार की बोर्ड बैठक बुधवार को पालिका सभागार में अध्यक्ष श्रीमती शशिकला जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा की गई और कुल 19 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को मंजूरी दी गई।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों एवं अधिकारियों की सर्वसम्मति से छह प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए।
पहले प्रस्ताव के तहत वार्ड नं. 21, विश्वकर्मा नगर में गुरु गोविन्द नगर से अंबेडकर नगर तक विवाद रहित भूमि पर लगभग ₹193 लाख की लागत से नाला निर्माण कार्य कराने का निर्णय लिया गया।
दूसरे प्रस्ताव में वार्ड नं. 02, लोहेछवा नगर के चेहरवा घाट पर ₹191 लाख की लागत से अन्त्येष्टि स्थल (मुक्तिधाम) निर्माण की स्वीकृति दी गई।
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत विस्तारित क्षेत्र में लगभग ₹300 लाख की लागत से 12 निर्माण कार्यों को कराने का प्रस्ताव पारित किया गया।
राज्य वित्त आयोग, तीन प्रतिशत स्टाम्प शुल्क एवं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से लगभग ₹1200 लाख की लागत से मार्ग प्रकाश व्यवस्था, विद्युतिकरण, सीसी सड़क, आरसीसी नाली, विवाद भवन, दुकानों और सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराने का प्रस्ताव पारित हुआ।
इसके अलावा, वार्ड नं. 06, आजाद नगर के हनुमानजी घाट पर ₹43 लाख की लागत से मुक्तिधाम बनाए जाने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर सीमा से बाहर अवैध रूप से कब्जाई गई सरकारी, तहसील या तालुकेदार पट्टों की जमीनों की पहचान कर अतिक्रमण हटाया जाएगा और उन जमीनों पर विकास कार्य कराए जाएंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शशिकला जायसवाल ने कहा कि पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को तेज किया जाएगा और पारदर्शिता के साथ जनहित के कार्य पूरे किए जाएंगे।
Comments
Post a Comment