महराजगंज: मैडम की मनमानी पर जांच की गाज! लापरवाही और भ्रष्टाचार का खुला कच्चा चिट्ठा
महराजगंज।
जिले के निचलौल क्षेत्र के टोंगरी (टिकुलहिया)प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य की मनमानी और लापरवाही अब उनके गले की फांस बन गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की जांच टीम ने जब स्कूल का औचक निरीक्षण किया, तो वहां की हकीकत देखकर अफसरों के होश उड़ गए।
क्लासरूम में बच्चों की मौजूदगी नाम मात्र की थी, जबकि प्रधानाचार्य खुद ड्यूटी से नदारद मिले। मिड डे मील से लेकर विद्यार्थियों की उपस्थिति तक में गड़बड़झाला उजागर हुआ। अभिलेखों की पड़ताल में यह भी सामने आया कि प्रधानाचार्य ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी नियमों को ठेंगा दिखाया है।
पूछताछ के दौरान प्रधानाचार्य के जवाब लड़खड़ा गए और जांच टीम के सामने उनकी पोल खुल गई। बीएसए कार्यालय से आई रिपोर्ट में साफ लिखा गया है कि प्रधानाचार्य ने अपने शैक्षणिक व प्रशासनिक दायित्वों का घोर उल्लंघन किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से प्रधानाचार्य का वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी है।
इस खुलासे के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। इलाके के अभिभावक आक्रोशित हैं और दोषी प्रधानाचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब देखना यह है कि जांच की यह आंच कितनी दूर तक पहुंचती है और क्या वाकई शिक्षा विभाग ऐसे लापरवाह प्रधानाचार्यों पर सख्त कदम उठाएगा या फिर मामला फाइलों में दब जाएगा।
Comments
Post a Comment