बाइक की आमने-सामने टक्कर में महिला समेत दो घायल
ठूठीबारी, महराजगंज।
ठूठीबारी–निचलौल मार्ग पर भरवलिया ढाला के समीप गुरुवार शाम करीब छह बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवारों सहित एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली ठूठीबारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीतलापुर निवासी नवल गुप्ता पुत्र राजकिशोर ठूठीबारी से निचलौल की ओर जा रहे थे। वहीं, लक्ष्मीपुर खुर्द निवासी रमजान अली अपनी पत्नी शहनाज के साथ निचलौल से ठूठीबारी की ओर आ रहे थे। भरवलिया ढाला के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे नवल गुप्ता तथा रमजान अली की पत्नी शहनाज घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को संभाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को निचलौल सीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी नवीन चौधरी ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment