नेपाल सीमा से 270 लीटर नेपाली शराब बरामद, तस्कर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार
महराजगंज जनपद में नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के विरुद्ध आबकारी विभाग और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। दिनांक 15 जनवरी 2026 की भोर में नेपाल से बिहार अवैध शराब तस्करी की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम का गठन किया गया।
टीम द्वारा बहुआर गांव स्थित सीमा स्तंभ संख्या 500 के पास विशेष नाका लगाकर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान सुबह लगभग 04:45 बजे दो व्यक्ति दो मोटरसाइकिलों से कच्चे रास्ते के माध्यम से भारत की सीमा में प्रवेश करते दिखाई दिए। टीम द्वारा रुकने का संकेत देने पर दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए।
जब्त की गई मोटरसाइकिलों की तलाशी लेने पर प्रत्येक मोटरसाइकिल से तीन-तीन बोरियां बरामद हुईं। बोरियों को खोलने पर कुल 30 पेटी नेपाल निर्मित अवैध शराब पाई गई। बरामद शराब में कुल 900 शीशी, जिसकी कुल मात्रा लगभग 270 लीटर आंकी गई। पूरी शराब खेप को मौके पर ही कब्जे में लेकर सील कर दिया गया तथा दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया।
जांच में एक मोटरसाइकिल महराजगंज जनपद की तथा दूसरी कुशीनगर जनपद की आरटीओ पंजीकरण संख्या वाली पाई गई। इस संबंध में अज्ञात तस्करों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन स्वामियों की पहचान हेतु संबंधित संभागीय परिवहन अधिकारी को पत्र भेजा जा रहा है तथा फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।
इस मामले में आबकारी कार्यालय निचलौल में मुकदमा संख्या 185/25 पंजीकृत किया गया है। संयुक्त कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव (निचलौल) एवं निरीक्षक सामान्य सर्वेश यादव (झूलनीपुर, एसएसबी) सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।
Comments
Post a Comment