आजादी के 75 साल बाद भी विकास से वंचित गौरा टोला,सड़क–नाली नहीं, बरसात में स्कूल जाना भी दूभर,ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, जिम्मेदारों पर भेदभाव का आरोप !

महराजगंज जनपद के निचलौल ब्लॉक अंतर्गत बहुआर कला ग्राम सभा के गौरा टोला में आजादी के बाद से अब तक विकास की एक ईंट भी नहीं रखी गई है। लगभग 75 घरों और करीब 350 की आबादी वाला यह टोला आज भी सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से पूरी तरह वंचित है। विकास में भेदभाव का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने आज गांव में विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदारों के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया।
ग्रामीणों का कहना है कि बहुआर कला ग्राम सभा का जो हिस्सा मुख्य सड़क से सटा है और जहां प्रधान रहते हैं, वहीं पर विकास कार्य कराए जाते हैं। जबकि गौरा टोला तक पहुंचने के लिए केवल एक कच्ची चकरोड है, जो बरसात में पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो जाती है। इस रास्ते से बच्चों का स्कूल जाना तक मुश्किल हो जाता है। किसी की तबीयत खराब होने पर एंबुलेंस या कोई वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाता, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब वे गौरा टोला में सड़क और अन्य विकास कार्य कराने की मांग करते हैं, तो प्रधान द्वारा कहा जाता है कि “जिसे वोट दिए हो, उसी से विकास करवा लो।” इस तरह के जवाबों से ग्रामीणों में भारी रोष है। उनका कहना है कि नेताओं द्वारा हर चुनाव में बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही गौरा टोला का नामो-निशान तक कोई नहीं जानता।

जब वर्षों से अनदेखी और उपेक्षा का सब्र टूट गया, तो ग्रामीणों ने मीडिया का सहारा लेते हुए विरोध प्रदर्शन किया और सरकार व प्रशासन से गांव में तत्काल सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विकास कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को और तेज करने को मजबूर होंगे।

गौरा टोला के हालात इस बात की गवाही दे रहे हैं कि आज भी ग्रामीण भारत का एक बड़ा हिस्सा विकास की मुख्यधारा से कोसों दूर है, जहां लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।

Comments

Popular posts from this blog

बड़ी कार्रवाई: Maharajganj Express News की खबर का असर! ₹4000 रिश्वत ऑडियो केस में भ्रष्ट लेखपाल सस्पेंड, SDM सिद्धार्थ गुप्ता ने दिखाई जीरो टॉलरेंस

रिश्वत के रेट फिक्स! ‘कुर्राफाट’ और ' रंगभेदी नक्शा’ अब सरकारी नहीं, निजी सौदा बन गया?

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के साथ सेक्रेड हार्ट स्कूल में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया