PWD की सड़कें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ीं: दो साल में ही जर्जर हुआ जमुई–इटहिया मार्ग, गिट्टियां बिखरीं
जनपद महराजगंज के निचलौल क्षेत्र अंतर्गत जमुई से इटहिया मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया गया सड़क निर्माण महज दो साल में ही जर्जर हो गया है। सड़क की हालत यह है कि जगह-जगह से गिट्टियां उखड़कर बिखर चुकी हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब यह सड़क बनाई जा रही थी, तभी निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे थे। निर्माण के दौरान ही कई स्थानों पर सड़क उखड़ गई थी, जिसको लेकर ग्रामीणों ने विरोध भी किया और खबरें भी प्रकाशित हुईं। बावजूद इसके, जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदाई संस्था ने आनन-फानन में लीपापोती कर सड़क निर्माण पूरा दिखा दिया और अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
नियमानुसार सड़क निर्माण के बाद उसकी देख-रेख और मरम्मत की जिम्मेदारी तय समयावधि तक कार्यदाई संस्था की होती है, लेकिन इस मार्ग की ओर किसी ने पलटकर देखना तक मुनासिब नहीं समझा। नतीजा यह हुआ कि समय से काफी पहले ही सड़क की परत उखड़ने लगी और गिट्टियां सड़क पर फैल गईं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यह मामला सिर्फ एक सड़क तक सीमित नहीं है। महराजगंज जनपद में PWD के भ्रष्टाचार का यह कोई नया उदाहरण नहीं है, बल्कि ऐसी कई सड़कें हैं जो बनते ही दम तोड़ देती हैं। घटिया सामग्री, मानकों की अनदेखी और मिलीभगत के चलते सरकारी धन की खुलेआम बर्बादी हो रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि
क्या इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होगी?
दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई होगी या मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा?
जनता मांग कर रही है कि जमुई–इटहिया मार्ग की गुणवत्ता जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही और भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।
Comments
Post a Comment