₹252 दिहाड़ी में कैसे चले घर? वेतन बढ़ोतरी की मांग पर गौसेवकों का सामूहिक इस्तीफा, प्रशासन में हड़कंप

महराजगंज  के मधवलिया गोसदन में हड़ताल, आश्वासन के बाद एक हफ्ते का अल्टीमेटम देकर काम पर लौटे गौसेवक

निचलौल 
जनपद के मधवलिया स्थित जिला गोसदन में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गौसेवकों ने वेतन बढ़ोतरी न होने से नाराज होकर हड़ताल कर दी और सामूहिक इस्तीफा देने पर अड़ गए। अचानक हुए इस विरोध से प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई।
गौसेवकों का कहना है कि मौजूदा महंगाई के दौर में मात्र 252 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि इस मामूली वेतन में घर-गृहस्थी चलाना तो दूर, बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि वे कई बार संबंधित अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी समा सिंह मौके पर पहुंचीं और गौसेवकों से वार्ता की। उन्होंने गौसेवकों को समझाते हुए काम पर लौटने का अनुरोध किया और वेतन वृद्धि के संबंध में उच्च अधिकारियों को पत्र भेजने का आश्वासन दिया।

अधिकारी के आश्वासन के बाद गौसेवकों ने फिलहाल एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए काम पर लौटने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पुनः हड़ताल और सामूहिक इस्तीफे का कदम उठाएंगे।

संवाददाता- आनंद कुमार गुप्ता 

Comments

Popular posts from this blog

बड़ी कार्रवाई: Maharajganj Express News की खबर का असर! ₹4000 रिश्वत ऑडियो केस में भ्रष्ट लेखपाल सस्पेंड, SDM सिद्धार्थ गुप्ता ने दिखाई जीरो टॉलरेंस

रिश्वत के रेट फिक्स! ‘कुर्राफाट’ और ' रंगभेदी नक्शा’ अब सरकारी नहीं, निजी सौदा बन गया?

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के साथ सेक्रेड हार्ट स्कूल में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया