कागजों में स्वच्छता, जमीनी हकीकत बदहाल — बरगदवा में गंदगी से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विरोध प्रदर्शन
महाराजगंज जनपद के नौतनवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा बरगदवा में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है। गांव की नालियां जाम हैं, रास्तों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है और चारों ओर बदबू का साम्राज्य फैला हुआ है। नालियों में बजबजाते कीड़े न सिर्फ वातावरण को दूषित कर रहे हैं, बल्कि संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सफाई कर्मी कभी दिखाई नहीं देता, जिससे हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं। इतना ही नहीं, न तो नियमित रूप से चुना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाता है और न ही किसी प्रकार की ठोस सफाई व्यवस्था लागू है। इसके बावजूद कागजों में हर महीने स्वच्छता के नाम पर भुगतान दिखाया जा रहा है, जिसे ग्रामीण खुलेआम फर्जीवाड़ा बता रहे हैं।
कई बार संबंधित अधिकारियों और विभाग को शिकायत करने के बावजूद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। मजबूर होकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, नालियों की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या को कितनी प्राथमिकता से लेते हैं या फिर यह मामला भी कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।
Comments
Post a Comment