कार से 149 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
ठूठीबारी/महराजगंज |
04 मई 2026 आबकारी विभाग एवं एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में ठूठीबारी क्षेत्र में बड़ी सफलता हाथ लगी है। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 वैभव कुमार यादव अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, तभी उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली कि दिल्ली नंबर की एक मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा कार में हरियाणा की भारी मात्रा में शराब लेकर बरगदवा की ओर से आ रही है।
सूचना के आधार पर एसएसबी बरगदवा टीम के साथ संयुक्त रूप से ठूठीबारी मार्केट से लगभग 1 किलोमीटर पश्चिम राजबारी के पास घेराबंदी की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन (DL8CY8503) आते ही उसे रोक लिया गया। गाड़ी में सवार तीन व्यक्तियों—धीरेंद्र सिंह, सुधीर कुमार और उमेश कुमार सिंह—को हिरासत में लिया गया, जो बिहार के जिला सीतामढ़ी के निवासी बताए गए।
वाहन की तलाशी लेने पर सीट के नीचे बनाए गए विशेष गुप्त चैम्बर से विभिन्न ब्रांड की कुल 149 बोतल इंपोर्टेड विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब हरियाणा के बल्लभगढ़ से खरीदकर तस्करी के जरिए बिहार ले जाई जा रही थी।
मौके पर ही शराब को सील कर कब्जे में लिया गया तथा वाहन को आबकारी अधिनियम की धारा 72 के तहत जब्त कर लिया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा संख्या 23/26 दर्ज किया गया है।
आरोपियों को एसीजेएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 16 मई तक रिमांड पर लिया गया है। वर्तमान में तीनों अभियुक्त जिला जेल में निरुद्ध हैं। मामले में जुड़े अन्य नेटवर्क और संपर्कों की जांच जारी है तथा आगे की कार्रवाई प्रस्तावित है।
Comments
Post a Comment